बिश्नोई समाज का पहला महिला बिजनेस समिट, 250 से अधिक महिलाओं ने लिया उद्यमिता का संकल्प
Tuesday, Jul 21, 2026-10:26 AM (IST)
बिश्नोई समाज के इतिहास में पहली बार आयोजित 'बिश्नोई महिला बिजनेस समिट-2026' ने महिला उद्यमिता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में नई पहल की। बिश्नोई ग्लोबल काउंसिल के तत्वावधान में तथा बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एंड एक्सपो (BGCE-2026) के अंतर्गत आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से 250 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और व्यवसाय को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
सम्मेलन में राजस्थान के विभिन्न जिलों के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से महिला उद्यमी, डॉक्टर, शिक्षाविद, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ता, स्टार्टअप फाउंडर, सोशल मीडिया क्रिएटर और टेक्सटाइल, कृषि, फूड प्रोसेसिंग, हेल्थकेयर, शिक्षा तथा डिजिटल बिजनेस से जुड़ी महिलाओं ने भागीदारी की। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें व्यवसाय एवं उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
महिला उद्यमिता और नेतृत्व पर मंथन
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में प्रतिभागियों ने अपने व्यवसायिक अनुभव, संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा कीं। वक्ताओं ने तकनीक, नवाचार और निरंतर सीखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद महिलाएं बड़े व्यावसायिक लक्ष्य हासिल कर सकती हैं। कई प्रतिभागियों ने स्वयं का व्यवसाय शुरू करने और अन्य महिलाओं को भी उद्यमिता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि ने सहयोग और नेटवर्किंग पर दिया जोर
मुख्य अतिथि मधु बिश्नोई ने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ व्यापार और उद्योग में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं एक-दूसरे का सहयोग करें, अनुभव साझा करें और मजबूत नेटवर्क तैयार करें तो समाज की आर्थिक तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने भविष्य में भी मार्गदर्शन और नेटवर्किंग के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कौशल आधारित स्वरोजगार पर विशेष जोर
सम्मेलन की अध्यक्ष निर्मला बिश्नोई ने सिलाई, कढ़ाई, टेक्सटाइल, घरेलू उद्योग और अन्य कौशल आधारित व्यवसायों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज की महिलाओं में अपार प्रतिभा है, जिसे उचित प्रशिक्षण और बाजार उपलब्ध होने पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
BGCE-2026 को आर्थिक अभियान बताया
बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो के संस्थापक एवं अध्यक्ष रमेश बावल ने 18 से 20 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह केवल प्रदर्शनी नहीं बल्कि समाज को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का अभियान है। उन्होंने महिलाओं से उद्यमी, प्रदर्शक, वक्ता और आयोजक के रूप में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
मेंटरशिप नेटवर्क और प्रशिक्षण की घोषणा
सम्मेलन में महिला उद्यमियों के लिए एक मेंटरशिप और नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत नई उद्यमियों को अनुभवी व्यवसायियों से मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही युवतियों और छात्राओं के लिए डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, स्टार्टअप, एमएसएमई, बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं और निर्यात जैसे विषयों पर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की भी घोषणा की गई।
आर्थिक सशक्तिकरण का संकल्प
सम्मेलन के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने "एक सफल महिला – दस नई महिला उद्यमी" तैयार करने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया और पूरे कार्यक्रम को सिंगल-यूज प्लास्टिक मुक्त रखा गया।
आयोजकों ने इसे केवल एक सम्मेलन नहीं बल्कि बिश्नोई समाज में महिला आर्थिक सशक्तिकरण, उद्यमिता और नेतृत्व के नए दौर की शुरुआत बताया।
