उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की, बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
Thursday, Aug 06, 2026-05:48 PM (IST)
जयपुर। राजस्थान सरकार में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को सचिवालय में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
योजनाओं व महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रगति का किया आकलन
बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण, लाडो प्रोत्साहन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सखी केंद्र, महिला हेल्पलाइन तथा कालीबाई भील उड़ान योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन किया गया।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं का धरातल पर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को इनका लाभ मिल सके।
