Jaipur JSA Silver Show 2026: पहली बार जयपुर में होगा मेगा सिल्वर शो, 250+ एग्जीबिटर्स और 10 हजार B2B बायर्स होंगे शामिल
Tuesday, Jul 28, 2026-04:53 PM (IST)
जयपुर, 28 जुलाई 2026। राजस्थान की सिल्वर इंडस्ट्री के लिए बड़ी पहल करते हुए जयपुर सिल्वर एसोसिएशन (JSA) पहली बार JSA सिल्वर शो का आयोजन करने जा रही है। इस तीन दिवसीय मेगा B2B प्रदर्शनी का आयोजन 22, 23 और 24 नवंबर 2026 को बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में होगा। कार्यक्रम का पोस्टर मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लॉन्च किया।
250 से अधिक एग्जीबिटर्स और 10 हजार से ज्यादा खरीदार होंगे शामिल
एसोसिएशन के चेयरमैन उज्ज्वल डेरेवाला ने बताया कि आयोजन में देश-विदेश से 250 से अधिक एग्जीबिटर्स और 10,000 से ज्यादा B2B बायर्स एवं विजिटर्स हिस्सा लेंगे। शो का उद्देश्य जयपुर और राजस्थान की सिल्वर इंडस्ट्री को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना, व्यापार को बढ़ावा देना और स्थानीय कारीगरों को बड़े बाजार से जोड़ना है।
राजस्थान के सिल्वर कारोबार को मिलेगा बड़ा मंच
एसोसिएशन के सेक्रेटरी राहुल जैन ने बताया कि अब तक राजस्थान के सिल्वर कारोबारी अपने उत्पादों के प्रदर्शन और व्यापार के लिए दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे शहरों में आयोजित प्रदर्शनियों पर निर्भर रहते थे। पहली बार जयपुर में इस स्तर के आयोजन से देश-विदेश के खरीदार सीधे राजस्थान पहुंचेंगे, जिससे निवेश बढ़ने, रोजगार के नए अवसर बनने और स्थानीय उद्योग को दीर्घकालिक व्यापारिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय कारीगरों को मिलेगा वैश्विक मंच
शो के कन्वीनर अरुण गर्ग ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि राजस्थान की पारंपरिक सिल्वर कारीगरी, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों को वैश्विक मंच देने की पहल है। उन्होंने कहा कि सिल्वर ज्वेलरी के बढ़ते बाजार का लाभ जयपुर के जेमस्टोन और जेम्स एंड ज्वेलरी उद्योग को भी मिलेगा, जिससे निर्यात को नई गति मिलने की संभावना है।
पोस्टर विमोचन में ये रहे मौजूद
पोस्टर लॉन्च के अवसर पर शो की कन्वीनर अनीता ढींगरा, कोषाध्यक्ष दीपेश गोयल, निशांत विजयवर्गीय और कुशाल खूंटेटा सहित एसोसिएशन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
