जयपुर में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान का भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव 2026, 5000 से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल

Wednesday, Jul 29, 2026-01:27 PM (IST)

जयपुर। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) की जयपुर शाखा की ओर से बुधवार, 29 जुलाई 2026 को जवाहर सर्किल स्थित सेंट्रल लॉन, एंटरटेनमेंट पैराडाइज (EP) में 'श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव 2026' का भव्य आयोजन किया गया। "गुरु भाव: परम तीर्थं" तथा "आत्म-समीक्षा, संकल्प व समर्पण का पर्व" की थीम पर आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में जयपुर और आसपास के क्षेत्रों से 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के संस्थापक एवं संचालक दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी की प्रेरणा एवं अनुकंपा से आयोजित किया गया। पूरे आयोजन स्थल पर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

PunjabKesari

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में साध्वी शिवा भारती दीदी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मानव जीवन में पूर्ण सतगुरु की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले शिक्षक नहीं, बल्कि वह दिव्य शक्ति हैं जो मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान, अंधकार से प्रकाश और असत्य से सत्य की ओर ले जाते हैं।

साध्वी शिवा भारती ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए कहा कि पूर्ण सतगुरु ही साधक को ईश्वर के साक्षात्कार और आत्मज्ञान (ब्रह्मज्ञान) की दिशा में अग्रसर करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु द्वारा प्रदत्त ब्रह्मज्ञान की साधना को नियमित रूप से अपनाने तथा गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर संस्थान की परंपरा के अनुसार 5000 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की। पूरे कार्यक्रम में अनुशासित व्यवस्था और भक्तों का उत्साह आकर्षण का केंद्र रहा।

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान का यह गुरु पूर्णिमा महोत्सव जयपुर में आध्यात्मिक चेतना, भक्ति और आत्मज्ञान का संदेश प्रसारित करने में सफल रहा। आयोजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और गुरु भक्ति का प्रेरक संदेश दिया।
 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए