राजस्थान के 40 लाख स्कूली बच्चों की हुई मौज, भजनलाल सरकार ने खाते में डाले 250 करोड़ रुपये

Wednesday, Jul 29, 2026-05:52 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान के 40 लाख स्कूली बच्चों की मौज हो गई है, क्योंकि राज्य की भजनलाल सरकार उनके खातों में 250 करोड़ रूपये की राशि डाल रही है। दरअसल, गुरु पूर्णिमा के मौके पर राजस्थान को शिक्षा के क्षेत्र में 947 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात दी जा रही है। इस मौके पर सीएम भजनलाल शर्मा भरतपुर में राज्य स्तरीय समारोह में मौजूद रहे। इस दौरान 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों के खातों में निशुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये की डीबीटी राशि जारी की गई। इसके अलावा करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से व्हीलचेयर और टैबलेट भी वितरित किए जा रहे हैं। राज्य में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीएम ने भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में बालिका सैनिक विद्यालय का शिलान्यास भी किया। इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

इस कार्यक्रम में निपुण कैलेंडर का भी विमोचन किया गया। इस कैलेंडर के माध्यम से अभिभावकों को पूरे वर्ष विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी मिलेगी और विद्यालयों से उनका जुड़ाव मजबूत होगा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रदेश में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

 

इस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ‘मिशन पढ़ो राजस्थान' के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का भी शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करना और बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाना है। इसके तहत प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में प्रतिदिन सातवें कालांश में नियमित पठन गतिविधि कराई जाएगी।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News