शहर में नालों की सफाई अब रोबोट से: नगर निगम को मिली दो हाईटेक मशीनें, 9 मीटर गहराई तक करेगी सफाई
Saturday, Mar 14, 2026-06:55 PM (IST)
जयपुर। शहर में अब नालों की सफाई हाईटेक तरीके से की जाएगी। नगर निगम को नालों और मैनहॉल की सफाई के लिए दो अत्याधुनिक रोबोट मशीनें मिली हैं। इन मशीनों का शुभारंभ शनिवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर वंदना खोरवाल ने फीता काटकर किया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इन रोबोट मशीनों के इस्तेमाल से नालों की सफाई पहले से अधिक प्रभावी और सुरक्षित तरीके से हो सकेगी। खासकर बारिश के दिनों में जल निकासी बेहतर होगी और शहर में जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
यह पहल राजस्थान दिवस के अवसर पर चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत शुरू की गई है। अभियान की शुरुआत झाड़ू लगाकर स्वच्छता संदेश के साथ की गई और इसी दौरान रोबोटिक तकनीक से नालों की सफाई शुरू करने की घोषणा की गई।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर वंदना खोरवाल ने बताया कि मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण है। पहले नालों और सीवर की सफाई में सफाई कर्मचारियों को उतरना पड़ता था, जिससे कई बार दुर्घटनाएं भी हो जाती थीं। अब रोबोट के जरिए सफाई होने से दुर्घटनाओं की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही बेहतर काम करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया और सफाई कर्मचारियों को सेफ्टी किट भी वितरित की गई।
नगर निगम की एईएन बबीता ने बताया कि ये दोनों रोबोट मशीनें केरल से मंगाई गई हैं और इन्होंने काम शुरू भी कर दिया है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस इन रोबोट में चार कैमरे लगे हैं, जिनमें तीन नीचे और एक सामने की ओर लगाया गया है। मशीन में दो डिजिटल स्क्रीन भी हैं, जिनकी मदद से ऑपरेटर लाइव मॉनिटरिंग करते हुए सफाई की प्रक्रिया देख सकता है।
यह रोबोट करीब 9 मीटर गहराई तक सफाई करने में सक्षम है और इसे मैनहॉल के अंदर भी उतारकर सफाई की जा सकती है। नगर निगम का मानना है कि इस तकनीक के इस्तेमाल से शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक आधुनिक और सुरक्षित बनेगी।
