जयपुर नगर निगम में पशुधन निरीक्षक 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB की ट्रैप कार्रवाई
Friday, Jun 19, 2026-03:55 PM (IST)
जयपुर : जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम जयपुर की पशु प्रबंधन शाखा में तैनात पशुधन निरीक्षक सुरेन्द्र कुमावत को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर विशेष अनुसंधान इकाई (SIU), जयपुर द्वारा की गई। शिकायत के अनुसार, परिवादी की चिकन शॉप का लाइसेंस जारी करने के एवज में आरोपी निरीक्षक द्वारा 6000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी और लगातार परेशान किया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन किया गया और इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक रघुवीर शरण और टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेन्द्र कुमावत को 5000 रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल हैं।
एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9413-502834 पर संपर्क करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
यह कार्रवाई एक बार फिर सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी के मामलों पर निगरानी और सख्ती की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
