कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से भाजपा बनी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Monday, Apr 27, 2026-05:18 PM (IST)

टोंक/जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना सर्वोपरि है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण भाव से राष्ट्र सेवा में जुटा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हमारा कार्यकर्ता है। उनके अथक परिश्रम से ही आज 21 राज्यों में भाजपा की सरकार है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि वे अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे है तथा सवा दो वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने महिला, किसान, युवा, मजदूर को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से राहत दी है। 

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमवार को टोंक में भाजपा जिला कार्यालयों के उद्घाटन एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नव निर्मित जिला भाजपा कार्यालयों के लिए बधाई देते हुए कहा कि ये कार्यालय हमारे विचार एवं संकल्प का केंद्र है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरा शौर्य, त्याग एवं बलिदान की साक्षी रही है। इस प्रदेश के वैभवशाली इतिहास में वीरों ने मातृभूमि के लिए हंसते-हंसते अपना सर्वस्व न्योछावर किया। 

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे विश्व को नई दिशा दे रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत के सभी देशों के साथ मजबूत संबंध बने है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत प्रधनमंत्री जन आरोग्य योजना, लखपति दीदी जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग का सशक्तीकरण हो रहा है। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि अंत्योदय, प्रखर राष्ट्रवाद और सुशासन की उनकी अवधारणा को प्रधानमंत्री आगे बढ़ा रहे हैं। 

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिजली, पानी और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हो रहा है। राम जल सेतु लिंक परियोजना से जहां विभिन्न जिलों को पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति होगी वहीं सोलर एवं पवन ऊर्जा के माध्यम से बिजली संकट की समस्या का समाधान हो सकेगा। साथ ही, राज्य सरकार ने राइजिंग राजस्थान का आयोजन कर युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए है। 

 

नितिन नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मां, माटी, मानुष के साथ सत्तारूढ़ पार्टी ने बेइमानी की तथा उनके खिलाफ जनता सड़कों पर आई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहां कड़ी मेहनत की है और पश्चिम बंगाल में पार्टी प्रचंड बहुमत से विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री माता-बहनों के सुरक्षा, स्वाभिमान एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को सशक्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन विपक्ष ने माता-बहनों का हक छीनते हुए विधेयक को संसद में पारित नहीं होने दिया।

 

उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए कहा कि उन्हीं के त्याग-परिश्रम से ही भाजपा दो सांसदों वाली पार्टी से बढ़कर आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को सेवा की भावना को सर्वोपरि रखते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सुनिश्चित करना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि हमें हर बूथ तक कमल खिलाना है तथा हर मंडल को सशक्त करना है जिससे बीजेपी नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।  

 

सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मंत्र के साथ कार्य कर रही डबल इंजन सरकार- मुख्यमंत्री 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्र प्रथम केवल नारा ही नहीं, बल्कि मूल मंत्र भी है। इसी भावना के साथ भाजपा कार्यकर्ता देश के लिए समर्पित भाव से निरंतर कार्य कर रहे हैं। 

 

उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राजस्थान की धरा पर स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने की और अधिक प्रेरणा मिलेगी। 45 साल के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने व्यवहार और कार्यशैली के माध्यम से कार्यकर्ता को गढ़ने का कार्य निरंतर कर रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के दूरदर्शी और सशक्‍त नेतृत्व ने भारतीय जनता पार्टी को नई ऊंचाइयां प्रदान की है। प्रधानमंत्री का मानना है कि पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हर जिले में भाजपा कार्यालय होना चाहिए। इसी ध्येय को पूरा करने के लिए कार्यकर्ता निरंतर कार्य कर रहे है। 

 

उन्होंने नए पार्टी कार्यालयों के उद्घाटन पर सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामना देते हुए कहा कि पार्टी कार्यालय हमारे लिए अपना घर-परिवार जैसा होता है तथा यह हमारे संगठन, विचारधारा और गतिविधियों के केंद्र बिंदु हैं। हमारे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने संगठन की नींव को मजबूत किया है। उनके सिखाए संस्‍कारों और संगठन के प्रति समर्पण की बदौलत हमारी पार्टी एक मजबूत संगठन के रूप में खड़ी हुई है। 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास‘ की अवधारणा से देश व प्रदेश का तेज गति से विकास हो रहा है। उनके नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद से ही गरीब कल्याण की योजनाएं, आतंकवाद-नक्सलवाद का खात्मा और दुनिया में बढ़ता भारत का गौरव तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग सशक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमारी डबल इंजन की सरकार विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ बिजली, पानी, शिक्षा और रोजगार सहित हर क्षेत्र में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 7 जिलों टोंक, बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली और बाड़मेर में भाजपा कार्यालयों का उद्घाटन एवं जालोर में पार्टी कार्यालय भवन का शिलान्यास वर्चुअली किया।  इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल, ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरा लाल नागर, विधायक राजेन्द्र गुर्जर, रामसहाय वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News