राजस्थान के गांव Digital Revolution की दहलीज पर, 98.40% गांवों में पहुंचा Mobile Internet: मंजू शर्मा
Wednesday, Aug 05, 2026-07:14 PM (IST)
जयपुर/नई दिल्ली। जयपुर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि राजस्थान तेजी से डिजिटल कनेक्टिविटी के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। जून 2026 तक प्रदेश के 46,077 गांवों में से 45,341 गांवों यानी 98.40 प्रतिशत तक मोबाइल इंटरनेट की पहुंच सुनिश्चित हो चुकी है। इसके साथ ही राजस्थान के सभी जिलों में 5G सेवाएं उपलब्ध हैं।
मंजू शर्मा ने बताया कि लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने यह जानकारी दी। केंद्र सरकार की ओर से राजस्थान समेत ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में दूरसंचार सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
1,735 गांवों और स्थानों तक पहुंची 4G कनेक्टिविटी
सांसद ने बताया कि डिजिटल भारत निधि (DBN) से वित्तपोषित योजनाओं के तहत राजस्थान के 1,735 गांवों एवं स्थानों तक 4G मोबाइल कनेक्टिविटी पहुंचाई जा चुकी है। नेटवर्क से वंचित गांवों में मोबाइल टावर लगाने के लिए भी विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
वहीं, संशोधित भारतनेट कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायतों और मांग के अनुसार गांवों तक हाई-स्पीड फाइबर ब्रॉडबैंड पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है।
6,094 ग्राम पंचायतें BharatNet से जुड़ीं
आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में भारतनेट के तहत 6,094 ग्राम पंचायतें हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड नेटवर्क से जुड़ चुकी हैं। इसके अलावा 40,107 सक्रिय FTTH (Fiber-to-the-Home) कनेक्शन संचालित हैं।
गांवों में Digital Services को मिलेगी रफ्तार
मोबाइल और ब्रॉडबैंड नेटवर्क के विस्तार से ग्रामीण राजस्थान में ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन, डिजिटल बैंकिंग, ई-गवर्नेंस, कृषि सेवाओं, ई-कॉमर्स और स्वरोजगार को गति मिलने की उम्मीद है। इससे गांव और शहर के बीच डिजिटल दूरी कम करने और डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
मुख्य आंकड़े
- 46,077 में से 45,341 गांवों तक मोबाइल इंटरनेट पहुंचा।
- 98.40% गांव मोबाइल इंटरनेट से जुड़े।
- राजस्थान के सभी जिलों में 5G सेवा उपलब्ध।
- 1,735 गांवों/स्थानों को DBN योजना से 4G कनेक्टिविटी।
- 6,094 ग्राम पंचायतें BharatNet से जुड़ीं।
- 40,107 FTTH कनेक्शन संचालित
