‘अक्षय तृतीया’ रैपिड ओपन शतरंज प्रतियोगिता 2026 के पोस्टर का विमोचन

Sunday, Apr 12, 2026-06:51 PM (IST)

जयपुर। परिष्कार कॉलेज ऑफ ग्लोबल एक्सीलेंस, मानसरोवर में आयोजित होने वाली ‘अक्षय तृतीया’ रैपिड ओपन शतरंज प्रतियोगिता 2026 के पोस्टर का शुक्रवार को विधिवत विमोचन किया गया।

 

संयुक्त रूप से पोस्टर का विमोचन
टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर जिनेश कुमार जैन ने बताया कि इस अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. राघव प्रकाश एवं प्रिंसिपल डॉ. सविता पाईवाल ने संयुक्त रूप से पोस्टर का विमोचन कर प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।

 

नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में बौद्धिक विकास, एकाग्रता एवं निर्णय क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही, शतरंज जैसे खेलों को प्रोत्साहन देने से नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

 

प्रतियोगिता 19 अप्रैल 2026 को
जयपुर जिला शतरंज संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट विक्रम सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन जयपुर चेस अकादमी द्वारा किया जा रहा है, जिसे जयपुर जिला शतरंज संघ द्वारा मान्यता प्राप्त है तथा जयपुर चेस क्लब एवं वाणी चेस क्लब का सहयोग प्राप्त है।

 

प्रतियोगिता में रखी गई प्राइज मनी
प्रतियोगिता में कुल लगभग ₹25,000 की प्राइज मनी, 39 ट्रॉफियां एवं मेडल दिए जाएंगे। ओपन कैटेगरी में प्रथम पुरस्कार ₹5000, द्वितीय ₹3500, तृतीय ₹2500, चतुर्थ ₹1800, पंचम ₹1500 एवं षष्ठ ₹1200 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 7वें से 9वें स्थान तक ₹1000, 10वें से 12वें स्थान तक ₹700, 13वें से 16वें स्थान तक ₹600 तथा 17वें से 20वें स्थान तक ₹500 के पुरस्कार दिए जाएंगे। 

 

महिला एवं वेटरन खिलाड़ियों के लिए भी विशेष पुरस्कार
इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग (अंडर-7, 9, 11, 13, 15), महिला एवं वेटरन खिलाड़ियों के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं। इस प्रतियोगिता में आयोजकों ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News