सर्वांगीण समृद्धि योग एवं स्पोर्ट्स ट्रेनिंग कैंप-2026 का भव्य समापन, खेल और योग के संगम का बना प्रेरणादायी मंच
Saturday, Jun 20, 2026-05:33 PM (IST)
जयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के तहत भारत के सबसे प्राचीन खेल संस्थानों में से एक यूनियन फुटबॉल क्लब जयपुर (ट्रस्ट) एवं राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में रामनिवास बाग स्थित यूनियन फुटबॉल क्लब ग्राउंड नंबर-2 पर आयोजित ‘सर्वांगीण समृद्धि योग’ शिविर एवं एक माह के स्पोर्ट्स ट्रेनिंग कैंप-2026 का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ।
रामशरण गुप्ता रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामशरण गुप्ता रहे। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष लोकेश कुमार सिंह ‘साहिल’, सचिव महिपाल स्वामी, उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, कोषाध्यक्ष भाव्या राजावत ‘योगिनी’, राजस्थान बार काउंसिल अध्यक्ष एवं अधिवक्ता राजीव सांगरवाल, आर. के. भट्ट, राजेन्द्र सिंह शेखावत, किशनपोल विधानसभा प्रत्याशी सी.एम. बटवाड़ा, कबड्डी सचिव राज नारायण शर्मा, पदम जैन, प्रतिष्ठा स्कूल संस्था की अध्यक्षा अर्पिता माथुर, ग्राउंड इंचार्ज गौरव जी, अधिवक्ता प्रेरक स्वामी, पल्लवी जैन, रग्बी कोच जितेश कुमार, राजवीर सिंह, दशरथ सिंह, मिनी फाइव फुटबॉल के सचिव दिनेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में फुटबॉल, कबड्डी एवं रग्बी के बालक-बालिकाएं, उनके अभिभावक एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
प्रत्येक वर्ष होता है कार्यक्रम का आयोजन
क्लब समन्वयक अभिनव स्वामी ने बताया कि यूनियन फुटबॉल क्लब प्रत्येक वर्ष योग एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन करता रहा है। एक माह तक चले स्पोर्ट्स ट्रेनिंग कैंप के दौरान प्रतिभागियों ने फुटबॉल, कबड्डी, रग्बी एवं योग का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान किए
समापन समारोह में सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सहभागिता के लिए प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान किए गए। साथ ही मिनी फाइव फुटबॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए राजस्थान टीम में यूनियन फुटबॉल क्लब के 10 खिलाड़ियों के चयन पर उनकी टीम किट का विधिवत विमोचन भी किया गया।
यूनियन फुटबॉल क्लब जयपुर (ट्रस्ट) सशक्त स्पोट्स हब
वक्ताओं ने कहा कि यूनियन फुटबॉल क्लब जयपुर (ट्रस्ट), रामनिवास बाग को पुनः एक सशक्त स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है, ताकि खेल, योग और स्वास्थ्य के माध्यम से नई पीढ़ी का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
