देशभर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका! ''हिंदी हृदयोत्सव 2026'' में जीतें ₹1.11 लाख का इनाम

Thursday, Jun 25, 2026-07:04 PM (IST)

जयपुर। हिंदी भाषा को नई पीढ़ी की अभिव्यक्ति, रचनात्मकता और ज्ञान की सशक्त पहचान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। 'हिंदी हृदयोत्सव 2026' के अंतर्गत राष्ट्रीय हिंदी शब्द शक्ति प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया है। इस अनूठी पहल का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों और स्वतंत्र लेखकों को ऐसा राष्ट्रीय मंच देना है, जहां उनकी लेखनी, कल्पनाशीलता और विचारों को नई पहचान मिल सके। 

आयोजक अमन भारद्वाज ने बताया कि आज के दौर में केवल अच्छे अंक हासिल करना सफलता की गारंटी नहीं है, बल्कि अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की कला भी उतनी ही जरूरी है। इसी सोच के साथ इस प्रतियोगिता की शुरुआत की गई है, ताकि युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच का विकास हो सके। प्रतियोगिता का पहला चरण विद्यालय स्तर पर आयोजित होगा, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी ऑफलाइन लिखित परीक्षा में भाग लेंगे। प्रत्येक विद्यालय से चुने गए श्रेष्ठ प्रतिभागियों की रचनाएं राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन के लिए भेजी जाएंगी। 

प्रतियोगिता को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए विद्यालय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक शानदार पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रीय विजेता को ₹1,11,111 का प्रथम पुरस्कार मिलेगा, जबकि द्वितीय और तृतीय स्थान पर क्रमशः ₹51,551 और ₹31,331 की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा टैबलेट, साइकिल, नकद पुरस्कार, मेडल, प्रशस्ति-पत्र और विशेष सम्मान भी प्रतिभागियों को दिए जाएंगे।

इस अभियान की खास बात यह है कि यह केवल स्कूली विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा। महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और स्वतंत्र लेखकों के लिए भी अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई हैं। प्रतिभागी कविता, कहानी, लेख, डायरी, विचार, पटकथा, संवाद और धारावाहिक लेखन जैसी विभिन्न साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। साथ ही उन्हें भविष्य कौशल विकास, अनुभवी साहित्यकारों के मार्गदर्शन और "लेखक कैसे बनें" जैसी प्रेरक ई-पुस्तक का लाभ भी मिलेगा।

प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आयोजकों ने देशभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों और हिंदी प्रेमियों से इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा है कि यह पहल हिंदी भाषा को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ देश की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगी।


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News