ग्लोबल खटीक ऑफिसर्स एवं प्रोफेशनल ग्रुप का चतुर्थ अंतर्राष्ट्रीय महासम्मेलन 31 जुलाई को नई दिल्ली में

Tuesday, Jun 23, 2026-07:18 PM (IST)

जयपुर। ग्लोबल खटीक ऑफिसर्स एवं प्रोफेशनल ग्रुप की ओर से 31 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित स्कोप कन्वेंशन सेंटर, लोधी रोड में चतुर्थ अंतर्राष्ट्रीय महासम्मेलन (4th Community Connect Meet) एवं करियर मार्गदर्शन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में देश और विदेश से खटीक समाज के प्रशासनिक अधिकारी, प्रोफेशनल्स, शिक्षाविद, उद्यमी, समाजसेवी, भामाशाह और युवा बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

ग्रुप के संस्थापक एवं समन्वयक रमेश सांभरिया ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा, संगठन, सहयोग, करियर निर्माण और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और युवाओं के लिए विशेष करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे।

सम्मेलन में UPSC, RPSC, विभिन्न राज्य लोक सेवा आयोगों, बैंकिंग, रेलवे, NEET, JEE, डिफेंस तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े विषयों पर वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं, उच्च शिक्षा और पेशेवर क्षेत्रों में बेहतर अवसरों के लिए प्रेरित किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम समाज के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रोफेशनल्स को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा, जहां वे अपने अनुभव साझा करने के साथ सामाजिक एवं व्यावसायिक नेटवर्किंग को भी मजबूत करेंगे। सम्मेलन में IAS, IPS, IRS, IES और RAS अधिकारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की भागीदारी प्रस्तावित है।

सम्मेलन के दौरान 10वीं, 12वीं और स्नातक स्तर पर 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने पर निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा "ग्लोबल खटीक ऑफिसर्स एवं प्रोफेशनल ग्रुप परिचयिका" का प्रकाशन भी किया जाएगा, जिसमें देश और विदेश में निवासरत समाज बंधुओं का परिचय एवं संपर्क विवरण संकलित किया जाएगा।

आयोजन समिति ने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने के लिए पंजीकरण शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून 2026 रखी गई है। केवल पूर्व-पंजीकृत प्रतिभागियों को ही प्रवेश दिया जाएगा तथा प्रत्येक प्रतिभागी को पूर्व निर्धारित सीट संख्या आवंटित की जाएगी।

आयोजन समिति ने समाज के सभी अधिकारियों, युवाओं, विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों से इस ऐतिहासिक सम्मेलन में भाग लेकर समाज के विकास, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान किया है।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News