जयपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत चारागाह भूमि पर 700 पौधे लगाए गए
Friday, Aug 08, 2025-07:47 PM (IST)

जयपुर। जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के निदेशक मुहम्मद जुनैद ने बताया कि राजस्थान में मिशन हरियालो राजस्थान - मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महा अभियान (थीम: "एक पेड़ मां के नाम") के तहत शुक्रवार को जयपुर जिले के श्रीरामपुरा ग्राम पंचायत फाल्यावास स्थित चारागाह क्षेत्र में वृक्षारोपण एवं बीजरोपण कार्य किया गया।
इस अभियान के तहत सहजना के 700 पौधे लगाए गए और साथ ही स्थानीय प्रजातियों के बीजों का रोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरणीय संतुलन और चारागाह क्षेत्र में हरियाली को बढ़ावा मिल सके।
निदेशक ने बताया कि वर्ष 2025-26 में विभाग को 1 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य सौंपा गया है, जिसे पंचायती राजमंत्री मदन दिलावर द्वारा स्वीकृत किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सभी जिलों को भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, और विभागीय स्तर पर प्रत्येक कार्मिक के लिए 450 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत जयपुर जिले के बस्सी ब्लॉक में स्वीकृत जलग्रहण परियोजना WDC-6/2022-23 के तहत किया गया। इस मौके पर विभागीय अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सराहनीय रही।