जैतारण में 100 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य Tiranga Rally, मंत्री अविनाश गहलोत ने किया नेतृत्व

Wednesday, Aug 12, 2026-02:12 PM (IST)

जयपुर,। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत ब्यावर जिले के जैतारण में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत के नेतृत्व में निकली रैली में 100 मीटर लंबा तिरंगा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। हाथों में तिरंगा थामे बड़ी संख्या में लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया। सभी ने तिरंगा हाथ में लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया।

प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली, जगह-जगह हुआ स्वागत

तिरंगा रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में आमजन ने तिरंगे का स्वागत किया और रैली में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। देशभक्ति गीतों और नारों से जैतारण का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

‘तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक’—अविनाश गहलोत

कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर देता है।

उन्होंने आमजन से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने जैतारण में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता की मजबूत तस्वीर पेश की। आयोजन ने ‘एक तिरंगा—एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करते हुए ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जनअभियान बनाने का संदेश दिया।


Content Editor

LUCKY SHARMA

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News