मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की प्रदेशवासियों से अपील, 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ''हर घर तिरंगा'' अभियान
Thursday, Jul 30, 2026-07:38 PM (IST)
जयपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राजस्थान में 9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर में देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सभी विभागों को अभियान के प्रभावी संचालन और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वतंत्रता सेनानियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आमजन की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना है।
अभियान के तहत तिरंगा रैलियां, 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन, तिरंगा कॉन्सर्ट, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन और योगदान पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी।
14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के अवसर पर देश के विभाजन की त्रासदी से प्रभावित लोगों के संघर्ष, बलिदान और साहस को स्मरण किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को इतिहास से अवगत कराने के साथ सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया जाएगा।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे 'हर घर तिरंगा' अभियान से उत्साहपूर्वक जुड़ें, अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा 'सेल्फी विद तिरंगा' अभियान में भाग लेकर इस राष्ट्रीय उत्सव को जनभागीदारी का पर्व बनाएं।
