राजस्थान शिक्षा विभाग में पोपाबाई का राज: कृषि इंजीनियर चला रहे सिविल शाखा – पुष्पेंद्र भारद्वाज का बड़ा आरोप
Saturday, Jul 26, 2025-05:47 PM (IST)

जयपुर। झालावाड़ जिले के सरकारी स्कूल में हुए हादसे के बाद राज्य के शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता और सांगानेर से पूर्व विधायक प्रत्याशी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने विभाग में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान के शिक्षा विभाग की सिविल शाखा में ‘पोपाबाई का राज’ चल रहा है, जहां अयोग्य अधिकारी करोड़ों के निर्माण कार्यों की मंजूरी दे रहे हैं।
कृषि अभियंता चला रहा सिविल शाखा!
पुष्पेंद्र भारद्वाज ने बताया कि राज्य में समग्र शिक्षा अभियान के तहत सभी सरकारी स्कूल भवनों का निर्माण सिविल इंजीनियरिंग शाखा द्वारा किया जाता है। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि इस शाखा के प्रमुख के तौर पर अशोक थैया, जो कि कृषि विभाग के अभियंता हैं, को नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में शिक्षा विभाग की सिविल शाखा में मुख्य अभियंता के रूप में कार्यरत हैं और करोड़ों के बिल पास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोई भी कृषि अभियंता सिविल इंजीनियरिंग का कोई भी काम करने के लिए अधिकृत नहीं होता, लेकिन फिर भी अशोक थैया को इस जिम्मेदारी पर बैठाना गंभीर प्रशासनिक चूक है।
हादसे का जिम्मेदार कौन?
पुष्पेंद्र भारद्वाज ने आरोप लगाया कि झालावाड़ हादसे में हुई मासूम बच्चों की मौत के पीछे सरकारी लापरवाही है और इसके लिए शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में अब सिर्फ गरीब तबके के बच्चे ही पढ़ते हैं, और उन्हीं की जिंदगी से सरकार खिलवाड़ कर रही है।