व्यंग्यकार प्रभात गोस्वामी को मिलेगा सरोज कुमारी केदारनाथ व्यंग्य पुरस्कार

Sunday, May 31, 2026-04:12 PM (IST)

जयपुर। वरिष्ठ व्यंग्यकार प्रभात गोस्वामी को साहित्य एवं हिंदी भाषा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘श्रीमती सरोज कुमारी केदारनाथ माहेश्वरी हिंदी भाषा व्यंग्य पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उत्तर भारत की प्रसिद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था श्री हिंदी पुस्तकालय समिति, डीग (भरतपुर) द्वारा प्रदान किया जाएगा।

पुरस्कार के तहत प्रभात गोस्वामी को सम्मान-पत्र के साथ 11 हजार रुपये की नगद राशि भी भेंट की जाएगी। यह सम्मान समारोह 27 जुलाई को समिति के 100वें स्थापना दिवस के अवसर पर डीग में आयोजित किया जाएगा, जहां देशभर के विभिन्न साहित्यकारों और रचनाकारों को उनकी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कारों की घोषणा रविवार को समिति के प्रधान मंत्री कृष्ण कुमार मुदगल, साहित्य मंत्री एवं संयोजक सुरेन्द्र शर्मा ‘सार्थक’ तथा सभापति मानसिंह यादव की उपस्थिति में की गई।

प्रभात गोस्वामी हिंदी व्यंग्य साहित्य के चर्चित नामों में शामिल हैं। अब तक उनके सात व्यंग्य संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। उनके व्यंग्य लेख देशभर के अनेक समाचार पत्रों और प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होते रहे हैं। इसके अलावा विभिन्न यूट्यूब चैनलों पर भी उनके व्यंग्य प्रसारित होते हैं।

गोस्वामी का लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘व्यंग्य के रंग – प्रभात के संग’ भी काफी चर्चित रहा है, जिसमें देश के कई सुप्रसिद्ध व्यंग्यकारों के साक्षात्कार प्रसारित किए जा चुके हैं। साहित्य के साथ-साथ खेल जगत में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है और वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों में आकाशवाणी के लिए कमेंट्री कर चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रभात गोस्वामी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान में पूर्व संयुक्त निदेशक के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। साहित्य, पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान को देखते हुए यह सम्मान उनके रचनात्मक सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News