जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी में ''उड़ान-2026'' का शुभारंभ, दिया कुमारी ने छात्रों को दिया इंटर्नशिप का न्योता

Tuesday, Aug 04, 2026-04:33 PM (IST)

जयपुर। जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी (JNU) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम 'उड़ान-2026' के साथ भव्य रूप से हुआ। जेएनयू मेडिकल लॉन्स में आयोजित इस समारोह में हजारों नवप्रवेशी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम विद्यार्थियों के नए शैक्षणिक जीवन की प्रेरणादायी शुरुआत का साक्षी बना। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. संदीप बक्शी, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, मारुति सुजुकी इंडिया प्रा. लि. के पूर्व एग्जीक्यूटिव एडवाइजर डॉ. एस.वाई. सिद्दीकी तथा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

दिया कुमारी ने दिया इंटर्नशिप का अवसर
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक जीवन की शुभकामनाएं दीं और ज्ञान, नवाचार तथा उत्तरदायी नेतृत्व के माध्यम से समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कार्यालय में इंटर्नशिप करने का विशेष अवसर देने की घोषणा की, ताकि वे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकें। उन्होंने कहा कि डॉ. संदीप बक्शी के नेतृत्व में जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है, जिससे विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है।

4000 मेधावी विद्यार्थियों को ₹1 करोड़ से अधिक की स्कॉलरशिप
समारोह का प्रमुख आकर्षण 4000 नवप्रवेशी मेधावी विद्यार्थियों को ₹1 करोड़ से अधिक की मेरिट स्कॉलरशिप प्रदान करना रहा। साथ ही विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के टॉपर्स को भी प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय ने इस पहल को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता बताया।

'उड़ान' सपनों को दिशा देने का मंच : डॉ. संदीप बक्शी
चांसलर डॉ. संदीप बक्शी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय समग्र शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और चरित्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, जिज्ञासा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ अपने भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 'उड़ान' ऐसा मंच है, जहां विद्यार्थियों के सपनों को दिशा मिलती है और सफल भविष्य की यात्रा शुरू होती है।

कॉर्पोरेट अनुभव और व्यक्तित्व विकास पर जोर
मारुति सुजुकी इंडिया के पूर्व एग्जीक्यूटिव एडवाइजर डॉ. एस.वाई. सिद्दीकी ने विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों और बदलते समय के अनुरूप स्वयं को विकसित करने की सीख दी। कार्यक्रम में प्रो-चांसलर प्रो. एच.एन. वर्मा, प्रो. सुधीर भंडारी, कुलपति प्रो. आर.एल. रैना और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. प्रीति बक्शी ने भी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आध्यात्मिक सत्र और संगीतमय प्रस्तुति बनी आकर्षण
उद्घाटन सत्र के बाद विद्यार्थियों ने अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित आध्यात्मिक एवं व्यक्तित्व विकास सत्र में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन आकर्षक संगीतमय बैंड प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने नवप्रवेशी विद्यार्थियों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। विश्वविद्यालय ने 'उड़ान-2026' के माध्यम से एक बार फिर उत्कृष्ट शिक्षा, नवाचार, उद्योग-अकादमिक सहयोग और मूल्य आधारित शिक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News