जयपुर के आमागढ़ किले और अंबा माता मंदिर का होगा जीर्णोद्धार, वन राज्य मंत्री ने विधानसभा में दी जानकारी

Tuesday, Mar 10, 2026-06:06 PM (IST)

राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित ऐतिहासिक आमागढ़ किला और यहां बने अम्बा माता मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण को लेकर राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण संकेत दिए हैं।

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि आमागढ़ किले तक जाने वाला मार्ग वन क्षेत्र से होकर गुजरता है। ऐसे में इस रास्ते के रखरखाव और संधारण की जिम्मेदारी वन विभाग द्वारा निभाई जाएगी। साथ ही राज्य सरकार किले और मंदिर के जीर्णोद्धार तथा सौंदर्यीकरण पर भी काम करवाएगी।

विधायक के सवाल पर दिया जवाब

यह जानकारी मंत्री ने विधायक रामकेश द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्न के जवाब में दी। उन्होंने बताया कि आमागढ़ किले तक जाने वाला रास्ता आरक्षित वन खंड-92, बंद की गढ़ी आम्बागढ़ के वन क्षेत्र से होकर निकलता है। वन क्षेत्र में आने वाले रास्तों की मरम्मत और निर्माण कार्य सक्षम स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद ही करवाए जा सकते हैं।

प्रतापगढ़ के विकास का भी बजट में प्रावधान

मंत्री ने यह भी बताया कि थानागाजी क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक प्रतापगढ़ किले के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और रखरखाव के लिए भी राज्य सरकार ने इस साल के बजट में प्रावधान किया है।

दर्शन के लिए आम लोगों को नहीं रोका जाता

वन राज्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि अंबा माता मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को नहीं रोका जाता है। हालांकि फिलहाल विभागीय स्तर पर मंदिर और किले की मरम्मत को लेकर कोई औपचारिक प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है, लेकिन सरकार इस दिशा में आगे कदम उठा सकती है।
 


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News