डूंगरपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग, किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी ने दिया स्वास्थ्य का संदेश

Sunday, Jun 21, 2026-04:39 PM (IST)

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डूंगरपुर के ऐतिहासिक लक्ष्मण मैदान में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी रहे। इस दौरान जिला कलेक्टर देशलदान, पूर्व मंत्री सुशील कटारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास किया।

योग सत्र के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने विभिन्न आसनों के महत्व और उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योग शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज विश्वभर में अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिली है और आज अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जाता है।

उन्होंने लोगों से योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखने बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। चौधरी ने कहा कि स्वस्थ जीवन और बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित योग अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News