जयपुर-दुबई फ्लाइट 6 घंटे बाद भी उड़ान नहीं भर पाई, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
Saturday, Jul 12, 2025-04:43 PM (IST)

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ गया है। शनिवार को जयपुर से दुबई और शारजाह जाने वाली दो फ्लाइट्स निर्धारित समय पर टेकऑफ नहीं कर सकीं, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार और असुविधा का सामना करना पड़ा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई फ्लाइट में 6 घंटे की देरी
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-195, जो कि शनिवार सुबह 5:55 बजे दुबई के लिए रवाना होनी थी, अब तक उड़ान नहीं भर सकी। सुबह 4 बजे से ही यात्री एयरपोर्ट पर पहुंच चुके थे, लेकिन आखिरी समय में एयरलाइन ने संचालन कारणों का हवाला देते हुए उड़ान को टाल दिया। छह घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक फ्लाइट के टेकऑफ को लेकर कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई है।
शारजाह की फ्लाइट भी रही देरी की शिकार
इसी दिन एयर अरेबिया की शारजाह जाने वाली फ्लाइट (G-9436) भी अपने निर्धारित समय सुबह 4:45 बजे उड़ान नहीं भर सकी। संचालन कारणों के चलते यह फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे की देरी से सुबह 6:05 बजे रवाना हुई।
हाल ही में जयपुर से रद्द या प्रभावित हुई फ्लाइट्स पर एक नजर
· 1 जुलाई: स्पाइसजेट की पुणे फ्लाइट SG-1077 रद्द।
· 27 जून: इंडिगो की अहमदाबाद फ्लाइट 6E-7217 टेकऑफ के समय तकनीकी खराबी के कारण रद्द।
· 24 जून: ईरान-इजरायल युद्ध के चलते 6 इंटरनेशनल फ्लाइट्स को रद्द किया गया।
· 23 जून: एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई फ्लाइट IX-195 को कॉकपिट में तकनीकी खराबी के चलते रद्द किया गया।
· 14 जून: एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु फ्लाइट IX-2749 तकनीकी खराबी के कारण रद्द।