राजस्थान के नए राज्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त बने राजेश्वर सिंह, राज्यपाल ने जारी किए आदेश
Friday, Sep 19, 2025-04:02 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सोमवार को प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के सेवानिवृत्त अधिकारी राजेश्वर सिंह को राज्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त (State Chief Election Commissioner) के पद पर नियुक्त किया है। राज्यपाल के आदेश के अनुसार, राजेश्वर सिंह ने आज अपना पदभार संभाला और सचिवालय स्थित पंचायती राज भवन में स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय से अपने कामकाज की शुरुआत की
बड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे राजेश्वर सिंह
राज्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में उनके कंधों पर शहरी स्थानीय निकायों (नगर निगम, नगर पालिका) और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव कराने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब प्रदेश में आगामी स्थानीय चुनावों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव और क्षमता के कारण चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने में राजेश्वर सिंह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रशासनिक अनुभव
राजेश्वर सिंह पहले राजस्व बोर्ड के अध्यक्ष, ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, जयपुर कलेक्टर और संभागीय आयुक्त के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उनके अनुभव और ईमानदारी को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्व आईएएस अधिकारी मधुकर गुप्ता अगस्त 2022 से इस पद पर कार्यरत थे और उनका कार्यकाल अब समाप्त हो गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त की भूमिका लोकतंत्र की मजबूती और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस नियुक्ति के बाद प्रदेश में निर्वाचन तैयारियों को गति मिलने और प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने की उम्मीद है।