राजस्थान में LPG उपभोक्ताओं को राहत: अब 25 दिन बाद ही कर सकेंगे बुकिंग, 45 दिन वाला नियम हटा!
Tuesday, Mar 24, 2026-07:27 PM (IST)
राजस्थान में ग्रामीण LPG उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। तेल कंपनियों ने गैस सिलेंडर बुकिंग की अवधि को फिर से 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दिया है। इससे अब उपभोक्ता पहले की तरह 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करा सकेंगे।
10 दिन पहले बढ़ाई गई थी अवधि
करीब 10 दिन पहले गैस की बढ़ती किल्लत और डिमांड को देखते हुए कंपनियों ने बुकिंग अंतराल को 45 दिन कर दिया था। यानी एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरा सिलेंडर 45 दिन बाद ही बुक किया जा सकता था।
इस फैसले से ग्रामीण इलाकों में लोगों को काफी परेशानी हो रही थी, क्योंकि कई परिवारों के लिए यह अवधि काफी लंबी साबित हो रही थी।
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ी परेशानी
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, ग्रामीण इलाकों में सामान्यतः भी सिलेंडर की बुकिंग 30 दिन या उससे अधिक समय में होती है। लेकिन 45 दिन का अंतराल होने से डिलीवरी और ज्यादा लेट हो रही थी, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी।
शहरी क्षेत्रों में कोई बदलाव नहीं
शहरी क्षेत्रों में पहले से ही 25 दिन का नियम लागू था और इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बुकिंग का अंतर समान हो गया है।
सर्वर दिक्कत और पैनिक बुकिंग जारी
गैस की किल्लत के चलते लोगों ने पैनिक बुकिंग शुरू कर दी थी, जिससे तेल कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) के सर्वर पर लोड बढ़ गया।
- कई जगह बुकिंग नहीं हो रही
- OTP समय पर नहीं मिल रहा
- एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई
इन तकनीकी दिक्कतों के कारण उपभोक्ताओं को अभी भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कॉमर्शियल सिलेंडर की अब भी कमी
जहां घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिली है, वहीं कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई अब भी सीमित है। होटल, ढाबा और अन्य व्यवसायिक इकाइयों को केवल 20% तक ही सप्लाई मिल रही है, जिससे व्यापारियों को दिक्कत हो रही है।
