राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को ट्रस्ट में बदलने की तैयारी, बड़ा विवाद खड़ा

Friday, Feb 27, 2026-07:28 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में पिछले कुछ समय से चल रहे घमासान के बाद अब इसे ट्रस्ट में बदलने की तैयारी की जा रही है, जिससे एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। RCA, जो एक विधिवत पंजीकृत सहकारी संस्था है और राजस्थान सहकारी समितियां अधिनियम तथा राजस्थान खेल अधिनियम, 2005 के तहत संचालित होती है, उसे बिना वैधानिक अनुमति के ट्रस्ट में बदलने की कोशिश की जा रही है।

 

मौजूदा RCA के कन्वीनर डीडी कुमावत ने बताया कि वे RCA को देवस्थान विभाग में रजिस्टर करवाने की योजना बना रहे हैं। इस कदम को लेकर RCA के सीए श्याम अग्रवाल का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट का निर्देश है कि इनकम टैक्स में रिबेट के लिए किसी भी संस्था को ट्रस्ट के तहत रजिस्टर करवाना जरूरी है।

 

वहीं, RCA के पूर्व पदाधिकारी डॉ. सुमित गर्ग ने इस बदलाव को गलत बताया और कहा कि RCA की सर्वोच्च निकाय उसकी साधारण सभा (जनरल बॉडी) है। उनका कहना था कि किसी भी नीति, संरचना या संपत्ति से संबंधित निर्णय केवल साधारण सभा द्वारा अनुमोदित होने चाहिए, और बिना इसकी स्वीकृति, राज्य सरकार और पंजीयक सहकारी समितियों की अनुमति के इस तरह का परिवर्तन विधिसम्मत नहीं है। डॉ. गर्ग ने यह भी कहा कि सभी खेल संघ स्पोर्ट्स एक्ट के तहत संचालित होते हैं।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News