जयपुर के श्याम नगर में 10 मंजिला अलौकिक स्वरूप रेजिडेंसी में लगी भीषण आग
Tuesday, Mar 03, 2026-03:43 PM (IST)
जयपुर। श्याम नगर इलाके में मंगलवार सुबह 10 मंजिला ‘अलौकिक स्वरूप रेजिडेंसी’ के 6वें फ्लोर पर बने फ्लैट नंबर 600-ए में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब 6:30 बजे धुआं महसूस होते ही निवासी कमल अपने परिवार के साथ बाहर निकले और तुरंत 108 व 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस की टीम के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
श्याम नगर थाने के एसएचओ दलवीर सिंह ने बताया कि आग तेजी से फैल चुकी थी और बिल्डिंग में घना धुआं भर गया था। करीब 30-40 फ्लैट्स वाली इस मल्टीस्टोरी इमारत में लगभग 200 लोग रहते हैं, जिन्हें डेढ़ से दो घंटे के भीतर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एक बुजुर्ग महिला को हाइड्रोलिक सिस्टम की मदद से नीचे उतारा गया। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि फ्लैट में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
शॉर्ट सर्किट की प्राथमिक आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। एसएचओ के अनुसार, “प्राइमा फेसी ऐसा प्रतीत होता है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। परिवार सदमे में है क्योंकि उनका पूरा फ्लैट जल गया है। विस्तृत जांच जारी है।”
फायर सेफ्टी और रेस्क्यू
मौके पर मौजूद सिविल डिफेंस अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग में फायर फाइटिंग उपकरण मौजूद थे, लेकिन अचानक फैले धुएं और अफरा-तफरी के कारण शुरुआती नियंत्रण में कठिनाई आई। धुआं बाहर निकालने के लिए कुछ ग्लास तोड़े गए और ऊपरी हिस्से में लगी प्लास्टिक शीट हटाई गई, जिससे वेंटिलेशन बेहतर हो सके।
अधिकारियों ने मल्टीस्टोरी इमारतों में रहने वाले लोगों और गार्ड्स को फायर फाइटिंग के बुनियादी प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।
