पीएम मोदी की अजमेर सभा को लेकर भाजपा जयपुर शहर में रणनीति बैठक, कार्यकर्ताओं में उत्साह
Wednesday, Feb 25, 2026-08:22 PM (IST)
जयपुर। आगामी 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित अजमेर यात्रा को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर कार्यालय में रणनीति बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जयपुर जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने की।
अमित गोयल ने कहा कि यह बैठक ऊर्जा, उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता से भरपूर रही और इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री की सभा को यादगार बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया तथा संगठन की शक्ति को जनसमर्थन में परिवर्तित करने पर जोर दिया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बागड़ी ने कहा कि लाखों की संख्या में जनता प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुनने अजमेर पहुंचेगी। उन्होंने मंडल अध्यक्षों के साथ संवाद कर सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उनका मानना है कि जयपुर शहर से सभा में सबसे अधिक संख्या में लोग पहुंचे और कार्यकर्ता ऐतिहासिक उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
जयपुर शहर प्रभारी एवं पूर्व मंत्री प्रभु लाल सैनी तथा सह प्रभारी राजेंद्र पराणा ने संगठन विस्तार, कार्यकर्ता समन्वय और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। जयपुर शहर समन्वयक हरिराम रणवा ने सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण और उत्साह के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने का आग्रह किया।
बैठक में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, विधायक प्रत्याशी रवि नैय्यर, जिला महामंत्री नवरतन नराणिया, निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
