सुजानगढ़ ने नम आंखों से दी के.सी. मालू को श्रद्धांजलि, समाज ने लिया उनके सपनों को साकार करने का संकल्प

Monday, Jul 20, 2026-10:27 AM (IST)

सुजानगढ़। राजस्थान रत्न, प्रख्यात उद्योगपति, समाजसेवी एवं वीणा समूह के संस्थापक-चेयरमैन स्वर्गीय के. सी. मालू की स्मृति में रविवार को तेरापंथ सभा भवन, सुजानगढ़ में आयोजित स्मृति सभा भावनात्मक माहौल में संपन्न हुई। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, संतजनों, सामाजिक संगठनों, कला-जगत की हस्तियों एवं नागरिकों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

 

अधूरे सपनों को पूरा करेगा परिवार
सभा में सबसे महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए स्वर्गीय के. सी. मालू के पुत्र हेमजीत मालू एवं प्रशन्नजीत मालू ने कहा कि उनके पिता के सभी अधूरे सपनों को पूरा करना परिवार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 300 बेड के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, परफॉर्मिंग आर्ट्स अकादमी, कला एवं संगीत का समर्पित चैनल तथा देश-विदेश में कला एवं संगीत महोत्सवों के आयोजन जैसे सभी महत्वाकांक्षी प्रकल्पों को भी साकार किया जाएगा।

 

निस्वार्थ भाव से जनकल्याण के कार्यों में किया जीवन समर्पित
चूरू जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि समाज में बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो निस्वार्थ भाव से जनकल्याण के कार्यों में अपना जीवन समर्पित कर देते हैं। स्वर्गीय के. सी. मालू निरंतर समाजहित के प्रकल्पों को लेकर उनसे चर्चा करते रहते थे। उनका सेवा-भाव, दूरदर्शी सोच और समाज के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

के.सी. मालू ने अविस्मरणीय योगदान दिया
सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल ने कहा कि के. सी. मालू ने सुजानगढ़ के विकास, लोकसंस्कृति और राजस्थानी भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन में अविस्मरणीय योगदान दिया। उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। भाजपा की पूर्व प्रत्याशी संतोष मेघवाल ने उन्हें ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव की मिसाल बताते हुए कहा कि अपनी जन्मभूमि के प्रति उनका समर्पण अद्वितीय था।

 

सुजानगढ़ को कला और संस्कृति की राष्ट्रीय पहचान दिलाई
नगर परिषद सभापति निलोफर गौरी ने कहा कि स्वर्गीय मालू ने सुजानगढ़ को कला और संस्कृति की राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए अथक प्रयास किए। उनका असमय निधन पूरे क्षेत्र की अपूरणीय क्षति है।

 

व्यक्तित्व कोहिनूर की भांति दुर्लभ था
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के सलाहकार गोपेन्द्र नाथ भट्ट ने देश-विदेश से प्राप्त शोक संदेशों का वाचन करते हुए कहा कि के. सी. मालू जैसा व्यक्तित्व कोहिनूर की भांति दुर्लभ था। उनका जीवन समाज के लिए सदैव प्रेरणा का प्रकाशस्तंभ बना रहेगा।

 

सुजानगढ़ के विकास का देखा था विजन
कार्यक्रम के अंत में एडवोकेट निर्मल कुमार मालू ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय के. सी. मालू ने सुजानगढ़ के विकास का जो विजन देखा था, उसे पूरा करना पूरे मालू परिवार का संकल्प है।

 

व्यक्तित्व एवं समाजसेवा को भावभीनी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर पृथ्वीराज बाफना, राजकुमारी फूतोड़िया सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए और स्वर्गीय के. सी. मालू के व्यक्तित्व एवं समाजसेवा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News