के.सी. मालू की स्मृति को समर्पित ‘स्वर सरिता भावांजलि विशेषांक’ का 30 सितंबर को जयपुर में लोकार्पण
Tuesday, Sep 29, 2026-05:43 PM (IST)
जयपुर। राजस्थान की कला, संस्कृति, संगीत और साहित्य को अपना जीवन समर्पित करने वाले के.सी. मालू की स्मृति को समर्पित ‘स्वर सरिता भावांजलि विशेषांक’ का लोकार्पण समारोह 30 सितंबर को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम होटल मैरियट, जवाहर सर्किल के पास, टोंक रोड पर होगा।
समारोह की अध्यक्षता राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी करेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। राजस्थान सरकार के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
के.सी. मालू के जीवन और योगदान को समर्पित विशेषांक
‘स्वर सरिता’ के प्रधान संपादक हेमजीत मालू के अनुसार, ‘भावांजलि विशेषांक’ में के.सी. मालू से जुड़े लोगों के संस्मरण, उनके व्यक्तित्व के विभिन्न आयाम और राजस्थान की कला-संस्कृति के प्रति उनके समर्पण को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
विशेषांक के जरिए उनके जीवन-संघर्ष, सांस्कृतिक दृष्टि और कलाकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दस्तावेज के रूप में सहेजने का प्रयास किया गया है, ताकि उनके सांस्कृतिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।
कला और संस्कृति जगत से जुड़े लोग होंगे शामिल
वीणा म्यूजिक ग्रुप की मासिक पत्रिका ‘स्वर सरिता’ के संस्थापक-संपादक रहे के.सी. मालू के बहुआयामी सांस्कृतिक योगदान को याद करने के लिए आयोजित इस समारोह में वरिष्ठ राजनेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मालू परिवार, ‘स्वर सरिता’ परिवार, वीणा ग्रुप तथा कला और संस्कृति जगत से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
राजस्थान की लोक संस्कृति को दिया व्यापक मंच
के.सी. मालू ने राजस्थान की लोक कला, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को व्यापक मंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ‘स्वर सरिता’ के माध्यम से उन्होंने राजस्थान की लोकधुनों, लोक कलाकारों और सांस्कृतिक विरासत को देश और दुनिया तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया।
उनके निधन के बाद प्रकाशित ‘स्वर सरिता भावांजलि विशेषांक’ उनके जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व और सांस्कृतिक योगदान को संस्मरणों और लेखों के माध्यम से सहेजने की पहल है।
