ईरान-इजरायल तनाव का असर राजस्थान तक, कमर्शियल गैस सप्लाई रुकी; डूंगरपुर में कारोबारियों की बढ़ी चिंता

Tuesday, Mar 10, 2026-06:43 PM (IST)

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध का असर अब भारत के कुछ हिस्सों में भी महसूस किया जाने लगा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने एलपीजी डीलरों को संदेश जारी कर कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई को अगले आदेश तक रोकने की सूचना दी है।

इस फैसले के बाद व्यापार जगत में अचानक हलचल मच गई है। होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानें और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होने की आशंका जता रहे हैं। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में भी डीलरों को संदेश मिलने के बाद कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई है।

कारोबारियों के सामने संकट

जमीनी स्थिति जानने के लिए शहर के कुछ रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों से बात की गई। एक रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि उनके यहां रोजाना करीब चार कमर्शियल गैस सिलेंडरों की खपत होती है, जबकि फिलहाल उनके पास केवल एक दिन का स्टॉक बचा है। यदि जल्द नई सप्लाई नहीं मिलती है तो किचन बंद करना पड़ सकता है।

शादी-समारोह के सीजन में बढ़ी परेशानी

कारोबारियों का कहना है कि इस समय शादी-समारोह और कार्यक्रमों का सीजन चल रहा है। कई कैटरर्स और हलवाइयों के पास पहले से बड़े ऑर्डर बुक हैं। ऐसे में कमर्शियल गैस की कमी से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान होने के साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

घरेलू गैस बुकिंग का अंतराल भी बढ़ा

बताया जा रहा है कि कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के बीच का अंतराल भी लगभग 25 से 30 दिन कर दिया है। राजस्थान के बड़े शहरों जैसे जयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर में होटल और मिठाई कारोबार बड़े पैमाने पर कमर्शियल गैस पर निर्भर हैं।

ऐसे में व्यापारी अब तेल कंपनियों के अगले आदेश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि सप्लाई सामान्य होने पर उनका कारोबार प्रभावित न हो।


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News