डूंगरपुर में जनगणना 2027 की तैयारी तेज: 1 से 15 मई तक होगी स्वगणना, कलेक्टर ने शुद्ध आंकड़ों पर दिया जोर
Friday, Apr 17, 2026-03:54 PM (IST)
डूंगरपुर जिले में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पहले चरण में मकानों और परिवारों की गणना की जाएगी, जिसके लिए कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला स्तर पर 53 फील्ड ट्रेनर्स को दो चरणों में प्रशिक्षित किया जा रहा है। एक बैच का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे बैच को 20 से 22 अप्रैल के बीच प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला कलेक्टर देशल दान ने जनगणना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इसके जरिए जुटाए गए आंकड़े सरकार की विभिन्न योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही इन्हीं आंकड़ों के आधार पर संसद, विधानसभा और स्थानीय निकायों के क्षेत्रों का परिसीमन भी किया जाता है।
उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षण के दौरान सभी तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं को स्पष्ट रूप से समझाएं, ताकि आगामी प्रशिक्षण सत्र सफलतापूर्वक पूरे हो सकें। कलेक्टर ने विशेष रूप से आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
दो चरणों में होगा पूरा काम
जनगणना 2027 के पहले चरण में 1 से 15 मई तक स्वगणना की जाएगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक फील्ड सर्वे का कार्य किया जाएगा। इस दौरान आवासीय स्थिति, बुनियादी सुविधाएं, परिसंपत्तियां और बस्तियों से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी, जो भविष्य की योजनाओं के लिए आधार बनेगी।
प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों ने कार्मिकों को तकनीकी जानकारी दी। इस दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
