डूंगरपुर के खड़गदा में होगी पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा, 2027 में तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव
Wednesday, Jun 17, 2026-04:33 PM (IST)
डूंगरपुर जिले के खड़गदा क्षेत्र में वर्ष 2027 में एक विशाल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन प्रस्तावित है। 26 से 28 मार्च 2027 तक यहां बागेश्वर धाम सरकार के प्रमुख कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सान्निध्य में श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां और जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिए गए हैं।
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम केवल धार्मिक कथा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्र भावना को मजबूत करने का भी माध्यम बनेगा। वागड़ अंचल के विभिन्न समाजों की भागीदारी के साथ इसे बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को श्री हनुमंत कथा श्रवण का अवसर मिलेगा। साथ ही भक्ति, सेवा और सामाजिक सद्भाव से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि महोत्सव में सर्व समाज की सहभागिता के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में विशाल भंडारे, धार्मिक अनुष्ठान, आध्यात्मिक सभाएं और विशेष दरबार का आयोजन भी प्रस्तावित है। इसके अलावा धर्म, संस्कृति और राष्ट्र जागरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
आयोजन समिति से जुड़े कमलेश भाई शास्त्री, चित्रकूट धाम खड़गदा ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि "एक मंच, एक समाज और एक भारत" की भावना के साथ इस आयोजन को यादगार बनाने का प्रयास किया जाएगा।
