डूंगरपुर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार, भाजपा और क्षेत्रीय दलों पर साधा निशाना
Monday, May 18, 2026-04:11 PM (IST)
डूंगरपुर में जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के पदभार ग्रहण और सम्मान समारोह का आयोजन सोमवार को पार्टी कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त पदाधिकारियों का पारंपरिक तरीके से पगड़ी पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आमजन के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए डूंगरपुर विधायक और जिला कांग्रेस अध्यक्ष गणेश घोगरा ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब गांव-गांव जाकर जनता के मुद्दों को उठाएगी और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्रीय राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ समय से इलाके के लोग बड़े वादों और सपनों के प्रभाव में आए, लेकिन जनता अब वास्तविक स्थिति को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्रीय दल विकास के मोर्चे पर अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे हैं।
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए घोगरा ने कहा कि प्रदेश में बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली संकट बना हुआ है और कई जगहों पर पेयजल की समस्या भी गंभीर हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी और जर्जर भवनों के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर छात्र खुले में या अस्थायी टेंट में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने आगामी पंचायतीराज चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस को समर्थन मिल रहा है।
