मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने की आरयूआईडीपी के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा

Wednesday, Aug 05, 2026-05:41 PM (IST)

जयपुर। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) प्रदेश की महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके अंतर्गत विकसित आधारभूत सुविधाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचे, इसके लिए परियोजनाओं की गुणवत्ता, नियमित निगरानी तथा प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों की नियमित निगरानी, प्रभाव आकलन रिपोर्ट तैयार करने तथा परियोजना की उपलब्धियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने के निर्देश दिए।

 

आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
मुख्य सचिव बुधवार को शासन सचिवालय में आरयूआईडीपी के अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में मुख्य सचिव ने आरयूआईडीपी के तृतीय एवं चतुर्थ चरण के कार्यों की प्रगति तथा वर्ष 2026-35 के लिए प्रस्तावित पंचम चरण की कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश के 84 शहरों में जलापूर्ति, सीवरेज, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शहरी बाढ़ प्रबंधन, विरासत संरक्षण, पर्यटन तथा अन्य शहरी आधारभूत विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

परियोनाओं का नागरिकों को उनका पूरा लाभ मिले
मुख्य सचिव ने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों का संचालन एवं रखरखाव संबंधित शहरी स्थानीय निकायों की जिम्मेदारी है। सभी निकाय इनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें तथा परियोजनाओं के अंतर्गत विकसित परिसंपत्तियों का अधिकतम उपयोग करें, ताकि नागरिकों को उनका पूरा लाभ मिल सके।

 

रिपोर्ट नियमित रूप से तैयार करने के दिए निर्देश
उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजनाओं की प्रभाव आकलन रिपोर्ट नियमित रूप से तैयार कर प्रकाशित की जाए। साथ ही, बाह्य सहायता प्राप्त परियोजना होने के कारण वित्तपोषण संस्थाओं के निरीक्षण, मूल्यांकन, परियोजना की प्रगति तथा महत्वपूर्ण छायाचित्रों का अद्यतन एवं व्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाए।

 

श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों से सीख लेकर बेहतर कार्य करें
मुख्य सचिव ने परियोजना की वेबसाइट को अधिक उपयोगी, अद्यतन एवं तथ्यपरक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न शहरों में अपनाई गई श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों, निष्पादन मानकों, सफलता की कहानियों तथा उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए, ताकि अन्य शहरी निकाय भी उनसे सीख लेकर बेहतर कार्य कर सकें।

 

परियोजना निदेशक सहित संबंधित अधिकारी रहे उपस्थित
इस बैठक में शासन सचिव, स्वायत्त शासन विभाग रवि जैन, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव, पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक, स्थानीय निकाय निदेशालय के निदेशक, वित्त विभाग के संयुक्त सचिव (ईएपी), आरयूआईडीपी के परियोजना निदेशक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News