आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में Namit Mehta सख्त, बोले- लक्ष्य में कोताही बर्दाश्त नहीं

Thursday, Aug 06, 2026-01:34 PM (IST)

जयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने विभागीय अधिकारियों को सरकार की अपेक्षा के अनुरूप सभी विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नियमित समीक्षा और कार्ययोजना के अनुसार प्रगति करने पर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में नमित मेहता ने प्रदेश के सभी जिलों में राजस्व, बंदोबस्त, बकाया वसूली और निरोधात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजकीय कार्य में किसी भी तरह की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित लक्ष्यों के प्रति असंवेदनशीलता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

7 अगस्त की नीलामी में 14 दुकानों का बंदोबस्त कराने के निर्देश

आबकारी आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में 11 कलस्टर में बंदोबस्त से शेष 14 मदिरा दुकानें हैं। उन्होंने बारां, बीकानेर, जयपुर शहर, जैसलमेर, कोटा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर और सिरोही जिलों के अधिकारियों को आगामी 7 अगस्त की नीलामी प्रक्रिया में शेष दुकानों का बंदोबस्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इन दुकानों की शत-प्रतिशत नीलामी होने से संबंधित जिलों को राजस्व लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।

राजस्व लक्ष्य में पिछड़े जिलों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश

नमित मेहता ने कहा कि राजस्व अर्जन विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

जुलाई माह में अपेक्षा के अनुरूप राजस्व अर्जन में वृद्धि नहीं कर पाने वाले धौलपुर, टोंक, झालावाड़, बारां, सवाई माधोपुर, बूंदी, दौसा, प्रतापगढ़, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर, बांसवाड़ा, करौली और पाली जिलों को लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही विभिन्न जिलों में मदिरा उठाव की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कम उठाव वाले जिलों में निरोधात्मक गतिविधियां बढ़ाने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बकाया वसूली में लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

आबकारी आयुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार बकाया वसूली को लेकर गंभीर है और सभी जिलों को निर्धारित लक्ष्य पूरे करने होंगे। लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं होने पर संबंधित DEO, CI और PO की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने विभिन्न जिलों में बकाया वसूली के लिए संपत्ति अटैच और कुर्की की कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट भी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अवैध शराब के खिलाफ बढ़ेगी कार्रवाई

नमित मेहता ने प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए निरोधात्मक गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से ठोस और बड़ी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को मजबूत करने और महत्वपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त नीति प्रदीप सिंह सांगावत ने PPT प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिलेवार लक्ष्य और प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन प्रभा गौतम, वित्तीय सलाहकार सुनीता विजय, उपायुक्त EPF प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत सहित प्रदेश के सभी जोन के अतिरिक्त आयुक्त, उपायुक्त EPF, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और प्रहराधिकारी मौजूद रहे।


Content Editor

LUCKY SHARMA

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News