डूंगरपुर-सागवाड़ा के वार्डों में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर नियुक्त
Thursday, May 14, 2026-07:59 PM (IST)
डूंगरपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं पूर्व सभापति केके गुप्ता ने नगर परिषद डूंगरपुर के सभी 40 वार्डों और नगर पालिका सागवाड़ा के 35 वार्डों के लिए स्वच्छता ब्रांड एंबेसडरों की नियुक्ति की है।
इस नई व्यवस्था का उद्देश्य वार्ड स्तर पर आमजन की समस्याओं को सीधे निकाय अधिकारियों तक पहुंचाना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में नियुक्त किए गए ब्रांड एंबेसडर स्थानीय नागरिकों के साथ निरंतर संपर्क में रहेंगे। वे स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएंगे।
इन शिकायतों में मुख्य रूप से सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई, सीवरेज समस्या, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल रहेंगे।
उन्होंने बताया कि सभी वार्ड ब्रांड एंबेसडर शिकायतों को निर्धारित ग्रुप में साझा करेंगे, ताकि समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई हो सके और आमजन को राहत मिल सके।
वार्ड स्तर पर मजबूत होगी निगरानी व्यवस्था
केके गुप्ता ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना नहीं, बल्कि नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना भी है। वार्ड स्तर पर जिम्मेदार प्रतिनिधियों की नियुक्ति से समस्याओं का तेजी से समाधान संभव हो सकेगा।
नगर परिषद डूंगरपुर और नगर पालिका सागवाड़ा में नियुक्त इन स्वच्छता ब्रांड एंबेसडरों को स्थानीय स्तर पर जनसहभागिता बढ़ाने और स्वच्छता अभियान को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
