भविष्य के लिए जल और राष्ट्र के लिए संकल्प, जयपुर से जल अभियान की शुरुआत
Monday, Jun 02, 2025-08:49 PM (IST)

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 2 जून, सोमवार को जयपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित किया। यह कार्यशाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों की प्रेरणादायी सेवा यात्रा ‘संकल्प से सिद्धि तक’ की उपलब्धियों पर केंद्रित रही।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व ने भारत को विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने तक पहुंचाया है। यह यात्रा केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने की ठोस दिशा और प्रतिबद्धता निहित है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कार्यशाला के दौरान सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन-अभियान’ के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। यह अभियान 5 जून से शुरू होकर प्रदेश भर में जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इस अभियान को हर गांव, हर गली, हर घर तक पहुंचाएं, जल के महत्व को जन-जन तक समझाएं और इसके सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाएं। मुख्यमंत्री ने इसे सामूहिक प्रयासों द्वारा जल भविष्य को सुरक्षित करने का राष्ट्रीय संकल्प बताया।