ईरान-इजरायल तनाव के बीच अजमेर में गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी, कलेक्टर लोकबंधु और एसपी वंदिता राणा ने किया औचक निरीक्षण

Friday, Mar 13, 2026-05:11 PM (IST)

अजमेर। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, विशेषकर ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते टकराव के बीच भारत में भी ईंधन और पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। इसी बीच राजस्थान के अजमेर शहर में पिछले कुछ दिनों से गैस सिलेंडर की किल्लत और बुकिंग में परेशानी की खबरों ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है।

स्थिति को गंभीर होते देख अजमेर जिला प्रशासन और पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। शुक्रवार को अजमेर जिला कलेक्टर लोकबंधु और पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया।

प्रशासनिक टीम ने वैशाली नगर, हरिभाऊ उपाध्याय नगर सहित कई इलाकों में पहुंचकर गैस आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों से बातचीत की और गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी मौके पर बुलाकर आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए।

पैनिक बुकिंग से बढ़ा दबाव

जिला कलेक्टर लोकबंधु ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की वास्तविक कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर फैली आशंकाओं के कारण लोगों में डर का माहौल बन गया है और बड़ी संख्या में लोग पैनिक बुकिंग कर रहे हैं।

कलेक्टर के अनुसार जिन लोगों के पास पहले से खाली सिलेंडर हैं, वे भी तुरंत बुकिंग कर रहे हैं। एक साथ बड़ी संख्या में बुकिंग होने से ऑनलाइन बुकिंग एप्लीकेशन पर तकनीकी दबाव बढ़ गया है, जिससे लोगों को लग रहा है कि गैस की किल्लत हो गई है।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि घरेलू गैस सिलेंडर सभी उपभोक्ताओं को नियम अनुसार उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि वर्तमान हालात को देखते हुए कमर्शियल सिलेंडर के वितरण पर अस्थायी निगरानी रखी जा रही है।

कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन को यह शिकायतें भी मिली हैं कि कुछ लोग स्थिति का फायदा उठाकर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं या उन्हें ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी एजेंसी संचालक या बिचौलिया कालाबाजारी में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और एजेंसी का लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि गैस एजेंसियों के बाहर बढ़ती भीड़ और संभावित हंगामे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

स्थानीय थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस वितरण व्यवस्था पर नजर रखें। साथ ही अवैध भंडारण और अधिक कीमत पर गैस बेचने वालों के खिलाफ खुफिया निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन की अपील

अजमेर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की सप्लाई चेन पूरी तरह सुरक्षित है। जनता से अपील की गई है कि वे केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग करें, ताकि सिस्टम पर अनावश्यक दबाव न पड़े और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News