हनुमानगढ़ में गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेसी, पीएम का पुतला फूंककर किया प्रदर्शन
Friday, Mar 13, 2026-03:50 PM (IST)
हनुमानगढ़ में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने किया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए। उन्होंने हाथों में खाली गैस सिलेंडर लेकर महंगाई के खिलाफ विरोध जताया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
महंगाई से जनता परेशान: कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में हालिया बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की परेशानियां बढ़ गई हैं। उनका कहना था कि पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता के लिए रसोई गैस के दाम बढ़ना सीधे तौर पर घर के बजट पर असर डाल रहा है।
महंगाई पर नियंत्रण में सरकार विफल
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे आम लोगों के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है।
बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई वापस लो”, “रसोई गैस के दाम कम करो” और “केंद्र सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आने वाले समय में पार्टी की ओर से और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
