राजस्थान में गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी: श्रीगंगानगर में लंबी कतारें, अलवर में पुलिस की मौजूदगी में हुआ वितरण

Friday, Mar 13, 2026-05:16 PM (IST)

अलवर। राजस्थान में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों की चर्चाओं के बीच प्रदेश के कई जिलों में उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। श्रीगंगानगर और अलवर में गैस एजेंसियों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई जगह अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासन का दावा है कि गैस का स्टॉक पर्याप्त है और बुकिंग में देरी का कारण तकनीकी समस्या है।

श्रीगंगानगर में एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें

श्रीगंगानगर शहर और आसपास के क्षेत्रों में होटल, रेस्टोरेंट, पीजी संचालक और आम उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए परेशान दिखाई दे रहे हैं। कई गैस एजेंसियों ने फोन उठाना तक बंद कर दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग सीधे एजेंसियों के बाहर पहुंच गए और लंबी कतारें लग गईं।

उपभोक्ताओं का कहना है कि डेढ़ महीने पहले कराई गई बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। पुरानी आबादी क्षेत्र के एक होटल संचालक ने बताया कि उन्हें मजबूरी में कमर्शियल सिलेंडर करीब 800 रुपए अधिक कीमत देकर खरीदना पड़ा।

जिले में करीब 48 गैस एजेंसियां संचालित हैं और लगभग 5.25 लाख उपभोक्ता उनसे जुड़े हुए हैं। सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 10,500 सिलेंडर की बुकिंग होती है, लेकिन फिलहाल केवल 4 से 5 हजार उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर मिल पा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आईओसीएल और एचपीसीएल कंपनियों के सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई है।

कई स्थानों पर सिलेंडरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पहुंचते ही उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ती है और कुछ ही देर में सभी सिलेंडर खत्म हो जाते हैं।

प्रशासन का दावा – गैस की कोई कमी नहीं

जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। जिला रसद अधिकारी पूजा अग्रवाल ने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और उपभोक्ताओं को नियमानुसार आपूर्ति की जा रही है।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से बुकिंग कर सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता जिला रसद कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 8560970007, 9672902929 या टोल फ्री नंबर 181 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

अलवर में पुलिस की मौजूदगी में हुआ गैस वितरण

इधर अलवर में भी गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। शुक्रवार को शहर के मालवीय नगर स्थित एक गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।

व्यवस्था बनाए रखने के लिए एजेंसी संचालक को पुलिस को बुलाना पड़ा, जिसके बाद पुलिस की देखरेख में उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरित किए गए।

गैस एजेंसी संचालक भगवान सिंह ने बताया कि एजेंसी सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध करा रही है और जिन लोगों ने पहले बुकिंग कराई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर डिलीवरी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 10 मार्च को बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिए जा रहे हैं।

वहीं उपभोक्ता घनश्याम मीणा ने बताया कि वह सुबह करीब 5 बजे से लाइन में लगकर सिलेंडर मिलने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने 12 मार्च को गैस बुकिंग कराई थी और आज सिलेंडर लेने पहुंचे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News