गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म का कांग्रेस पर जुबानी हमला
Wednesday, Feb 12, 2025-06:48 PM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2025_2image_18_48_051757241website.jpg)
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म का कांग्रेस पर हमला: "ओछी राजनीति कर रही है कांग्रेस"
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने ओछी राजनीति शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का आंतरिक मामला है और यह पूरा विवाद एक झूठी खबर पर आधारित है। मंत्री ने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनका फोन टैप नहीं हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि "हमारी सरकार में किसी भी विधायक या मंत्री के फोन टैप नहीं किए गए हैं।"
"कांग्रेस को सिर्फ अपनी उपस्थिति दर्ज करानी है"
बेढ़म ने कांग्रेस नेता सचिन पायलट पर भी तंज कसते हुए कहा कि वे सिर्फ इस मुद्दे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान खुद पायलट गुट के नेता होटल में बंद थे और उनका अपमान किया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ही एक विधायक ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि उस समय फोन टैपिंग हो रही थी। लेकिन तब कांग्रेस नेताओं ने अपनी ही सरकार और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सवाल उठाने के बजाय चुप्पी साध ली और बाद में उनके साथ मेल-मिलाप कर लिया।
"सदन बाधित करने का षड्यंत्र किया कांग्रेस ने"
गृह राज्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी असफलताओं से ध्यान हटाने के लिए राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान मुख्यमंत्री के जवाब को बाधित करने की साजिश रची। इसके बावजूद, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य सरकार के 1 साल के सुशासन की बात जनता के सामने स्पष्ट रूप से रखी।
"जनता कांग्रेस को पूरी तरह नकार चुकी है"
बेढ़म ने कांग्रेस नेताओं को ओछी राजनीति बंद करने की सलाह देते हुए कहा कि "जनता सब देख रही है, इसलिए उपचुनाव में कांग्रेस को करारी हार मिली।" उन्होंने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि अब जनता कांग्रेस के झूठे दावों में नहीं आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार राजस्थान के विकास को नई दिशा देगी और जनता कांग्रेस को पूरी तरह नकार चुकी है।