डूंगरपुर में आदिवासी कांग्रेस का प्रदर्शन: जनगणना में अलग कॉलम की उठी मांग

Thursday, Apr 02, 2026-06:02 PM (IST)

राजस्थान के डूंगरपुर में आदिवासी समुदाय की अलग पहचान को बनाए रखने की मांग को लेकर जिला आदिवासी कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आगामी जनगणना में अलग कॉलम की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई।

रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ता

यह प्रदर्शन देवशंकर ननोमा के नेतृत्व में किया गया। कार्यकर्ता पहले कांग्रेस कार्यालय में एकत्रित हुए और वहां से रैली निकालते हुए विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया।

अलग पहचान को संरक्षित करने की मांग

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान है, जो अन्य धर्मों से अलग है। इसलिए जनगणना में उनकी अलग से गणना होना जरूरी है, ताकि उनकी पहचान और अधिकार सुरक्षित रह सकें।

पुरानी व्यवस्थाओं का दिया हवाला

संगठन ने बताया कि 1871 से 1950 तक की जनगणना में आदिवासियों के लिए अलग धर्म कोड और कॉलम की व्यवस्था थी। साथ ही Scheduled District Act 1874 और Government of India Act 1935 जैसे प्रावधानों में भी आदिवासियों की अलग पहचान को मान्यता दी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी जिक्र

प्रदर्शनकारियों ने Kailash vs State of Maharashtra के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि न्यायालय ने भी आदिवासियों को भारत के मूल निवासियों के रूप में स्वीकार किया है।

सरकार से की मांग

ज्ञापन में केंद्र और राज्य सरकार से मांग की गई है कि आगामी जनगणना में आदिवासी समुदाय के लिए अलग कॉलम निर्धारित किया जाए, ताकि उनकी सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान को उचित स्थान मिल सके।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News