जयपुर के विकास को मिलेगी नई गति, JDA ने 109 करोड़ के विकास कार्यों को दी मंजूरी

Monday, Aug 17, 2026-06:38 PM (IST)

जयपुर, 17 अगस्त। जयपुर शहर में यातायात व्यवस्था, सड़क सुविधाओं, पैदल यात्रियों की सुविधा और पर्यावरणीय विकास को नई गति मिलने जा रही है। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की पीडब्ल्यूसी की 9वीं बैठक में लगभग 109 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।

जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में सोमवार को मंथन सभागार में आयोजित बैठक में शहर एवं जेडीए क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की गई।

राजमहल पैलेस पर बनेगा 4 लेन अंडरपास

शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राजमहल पैलेस पर सर्विस रोड, ड्रेनेज और अन्य संबद्ध कार्यों सहित 4 लेन अंडरपास के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर करीब 45.76 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

फुटपाथ और सड़कों के विकास को मंजूरी

जोन-ए क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ निर्माण, विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 2.81 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में सड़क मरम्मत और भादाड़े पुलिया के कार्यों के लिए 3.67 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है।

जोन-सी2 में विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों के लिए 4.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

महल रोड पर पैदल यात्रियों के लिए अंडरपास

जोन-09 स्थित महल रोड पर पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अंडरपास के डिजाइन और ड्रॉइंग को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा विभिन्न कॉरिडोर में स्ट्रीटस्केप डेवलपमेंट के लिए 12.61 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

द्रव्यवती नदी के STP होंगे सोलराइज

पर्यावरण और ऊर्जा दक्षता की दिशा में भी बड़ा फैसला लिया गया है। द्रव्यवती नदी पर जेडीए के 6 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 2 गार्डन के सोलराइजेशन के लिए 39.98 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे इन सुविधाओं में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

जमवारामगढ़ में उप जिला चिकित्सालय के लिए जमीन आवंटन का फैसला

इसके अलावा जेडीए की भूमि एवं संपत्ति निस्तारण समिति की 230वीं बैठक भी सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बजट घोषणा 2023-24 के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जमवारामगढ़ को क्रमोन्नत राजकीय उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन का निर्णय लिया गया।

जमवारामगढ़ फार्म हाउस योजना में स्थित भूखंड में से 14,977 वर्गमीटर भूमि नवीन अस्पताल भवन के निर्माण के लिए आवंटित की जाएगी।

इन परियोजनाओं के माध्यम से जयपुर में यातायात व्यवस्था, सड़क एवं पैदल यात्री सुविधाओं, शहर के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता से जुड़े विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।


Content Editor

LUCKY SHARMA

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News