हिंदुस्तान जिंक की पहल से 20 लाख से अधिक बालिकाओं और महिलाओं को मिला सशक्तिकरण का अवसर

Saturday, Oct 10, 2026-04:57 PM (IST)

जयपुर। हिंदुस्तान जिंक शिक्षा, खेल और कौशल विकास के माध्यम से बालिकाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। कंपनी के अनुसार, उसकी विभिन्न सामाजिक पहलों से अब तक 20 लाख से अधिक बालिकाओं और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। इन पहलों के लाभार्थियों में लगभग 50 प्रतिशत महिलाएं और बालिकाएं हैं।

कंपनी की शिक्षा संबल पहल सरकारी विद्यालयों के 47 हजार से अधिक विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को मजबूत कर रही है। वहीं, ऊंची उड़ान कार्यक्रम मेधावी विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहा है। इस कार्यक्रम से लाभान्वित सानिया उरांव ने आईआईटी गुवाहाटी में प्रवेश प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

खेल के क्षेत्र में जिंक फुटबॉल अकादमी बालिकाओं को प्रशिक्षण के साथ शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रही है। पश्चिम बंगाल की सोनम घोष ने इसी पहल के जरिए अपनी प्रतिभा निखारी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया।

महिला सशक्तिकरण के लिए सखी पहल के तहत जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। राजस्थान के मूलजी का खेड़ा गांव की इंद्रा देवी बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाकर सामाजिक बदलाव में योगदान दे रही हैं।

वहीं, जिंक कौशल पहल के अंतर्गत अब तक 12 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें 46 प्रतिशत महिलाएं हैं। कंपनी के मुताबिक, उसकी सामाजिक पहलें 4,100 से अधिक गांवों में 26 लाख से ज्यादा लोगों तक पहुंच चुकी हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News