दिव्यांग दंपतियों को मिलेंगे 5 लाख रुपए: ‘विशेष योग्यजन सुखद दांपत्य जीवन योजना’ में बड़ा बदलाव
Wednesday, Jul 30, 2025-01:56 PM (IST)

जयपुर | दिव्यांगजनों के आत्मनिर्भर और सशक्त जीवन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने ‘विशेष योग्यजन सुखद दांपत्य जीवन योजना’ में बड़ा बदलाव किया है। इस योजना के तहत अब 80% या उससे अधिक दिव्यांगता वाले विवाहित जोड़ों को 5 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जबकि 40% से 79% तक दिव्यांगता वाले दंपतियों को 50 हजार रुपए की सहायता मिलती है। योजना का उद्देश्य दिव्यांग दंपतियों को सशक्त बनाना और उनके विवाह को प्रोत्साहित करना है। पहले इस योजना में मिलने वाली अनुदान राशि कम थी, लेकिन सरकार ने इसे बढ़ाकर अब अधिकतम 5 लाख रुपए कर दिया है।
आवेदन की शर्तें:
विवाह के 6 महीने के भीतर आवेदन करना अनिवार्य है।
आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में स्वीकार किए जाते हैं।
परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए।
योजना में बढ़ी रुचि:
योजना में प्रोत्साहन राशि बढ़ाए जाने के बाद लाभार्थियों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में 180 लाभार्थियों को अनुदान मिला।
वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 265 हो गई है।
इस अवधि में कुल 3.41 करोड़ रुपए का अनुदान वितरित किया गया है।
सरकार की इस पहल से दिव्यांगजन न केवल विवाह जैसे सामाजिक बंधन को सशक्त रूप से निभा पा रहे हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक सशक्त कदम बढ़ा रहे हैं।