माहेश्वरी समाज का द्वितीय डिजिटल ऑनलाइन परिचय सम्मेलन सम्पन्न, 239 युवक-युवतियों ने लिया भाग
Sunday, Aug 09, 2026-07:28 PM (IST)
जयपुर। माहेश्वरी समाज, जयपुर शाखा के माहेश्वरी इंटरनेशनल मैरिज ब्यूरो (MIMB) द्वारा आयोजित द्वितीय डिजिटल ऑनलाइन परिचय सम्मेलन आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। 13 वर्षों से चली आ रही परिचय सम्मेलन की परंपरा को डिजिटल माध्यम से आगे बढ़ाते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश से युवक-युवतियों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
316 युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराया
प्रोग्राम संयोजक गोविंद तोतला के अनुसार सम्मेलन के लिए 316 युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें अमेरिका, कनाडा, नेपाल, जापान सहित 5 विभिन्न देशों में रहने वाले प्रतिभागी भी शामिल रहे। विवाह प्रकोष्ठ मंत्री श्याम सुंदर जाजू ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य माहेश्वरी समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक विश्वसनीय, पारदर्शी एवं आधुनिक मंच उपलब्ध कराना था।
प्रत्येक प्रतिभागी का परिचय डिजिटल माध्यम से कराया
मुख्य समन्वयक राजेन्द्र मूंधड़ा ने बताया कि सम्मेलन में प्रत्येक प्रतिभागी का परिचय निर्धारित समय में डिजिटल माध्यम से कराया गया। इसके साथ ही इच्छुक परिवारों के लिए प्राइवेट चैट रूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे वे परिचय के बाद आपसी बातचीत एवं आगे की चर्चा कर सकें। इससे परिवारों को अपनी सुविधा एवं गोपनीयता के साथ संभावित रिश्तों पर विचार करने का अवसर मिला।
जीवनसाथी की तलाश में उम्र की कोई बाध्यता नहीं
महिला समन्वयक रचना फोफलिया ने बताया कि कार्यक्रम में सर्वाधिक उम्र की महिला प्रतिभागी 49 वर्ष तथा पुरुष प्रतिभागी 48 वर्ष के रहे, जबकि सबसे कम उम्र के प्रतिभागियों में युवतियां 24 वर्ष एवं युवक 25 वर्ष के रहे। इससे यह संदेश भी सामने आया कि विवाह के लिए उपयुक्त जीवनसाथी की तलाश के लिए उम्र की कोई बाध्यता नहीं है।
अब तक 350 से अधिक सफल वैवाहिक रिश्ते तय किए
माहेश्वरी इंटरनेशनल मैरिज ब्यूरो के प्रचार समन्वयक संजय राठी ने बताया कि ऑनलाइन और ऑफ़लाइन माध्यम से अब तक 350 से अधिक सफल वैवाहिक रिश्ते तय कर दिए हैं। कार्यालय समन्वयक घनश्याम भंडारी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल परिचय कराना नहीं, बल्कि परिवारों को भरोसेमंद, पारदर्शी और प्रभावी माध्यम उपलब्ध कराकर योग्य जीवनसाथी की तलाश को सरल बनाना है।
कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष उमेश सोनी ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, सहयोगियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। समाज महामंत्री रोहित परवाल ने सभी प्रत्याशियों को अपनी शुभकामनाएं दी।
डिजिटल माध्यम से परिचय पहल को व्यापक बनाया जाएगा
इस मौके पर माहेश्वरी इंटरनेशनल मैरिज ब्यूरो के चैयरमैन कमल किशोर साबू ने कहा कि डिजिटल माध्यम से इस पहल को और व्यापक बनाया जाएगा, ताकि देश-विदेश में रहने वाले माहेश्वरी समाज के अधिक से अधिक परिवार आपस में जुड़ सकें और योग्य युवक-युवतियों को बेहतर वैवाहिक अवसर मिल सकें। राधिका बागड़ी ने बताया कि अगला ऑफ़लाइन प्रोग्राम 20 सितंबर को तिलक नगर, जयपुर में आयोजित किया जाएगा।
