राजस्थान में बोली प्रियंका गांधी- धर्म के आधार पर वोट देकर आपने बिगाड़ दी है आदत

11/17/2023 5:37:41 PM

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज राजस्थान के दौरे पर रही। प्रियंका गांधी ने आदिवासी बहुल इलाके सागवाड़ा (डूंगरपुर) और चित्तौड़गढ़ का दौरा किया और वहां जनसभाओं को संबोधित भी किया। प्रियंका ने इस दौरान बीजेपी पर जमकर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि अब धर्म और जाति के आधार पर राजनीति हो रही है। बीजेपी सिर्फ धर्म के आधार पर राजनीति कर रही है। यह ऐसी राजनीति है जो आपका ध्यान भटकाना चाहती है। सब जानते हैं धर्म की बात करेंगे तो आपके जज्बात उभरेंगे। इसलिए आप धर्म की इन बातों पर ध्यान मत दो।

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि दो दिन पहले मैं मध्यप्रदेश में थी। वहां 18 साल से भाजपा की सरकार चल रही है। जब मैं किसी के घर जाती हूं और पूछती हूं क्यों दे रहे हो वोट? जवाब मिलता है कि धर्म के आधार पर। किसी भी नेता को इतनी छूट दे दो कि वो आलसी बन जाए। उसकी जवाबदेही हटा दो। आजकल नेताओं को पता चल गया कि मैं इधर-उधर की बातें कर लूंगा, धर्म की बात कर लूंगा, जाति की बात कर लूंगा और काम हो जायेगा। तो फिर काम कौन करेगा? आपने आदत जो बिगाड़ दी है। 

प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए आगे कहा कि अब आपको तय करना है कि आपको कैसी सरकार चाहिए। ऐसी जो केवल धर्म का नाम ले और काम ना करे या फिर ऐसी सरकार जो आपको राहत दे, स्वास्थ्य सुविधाएं दे, रोजगार दे। ये बहुत बड़ा निर्णय है जो आपको कुछ दिन में लेना है। प्रियंका ने कहा कि मोदीजी ने अडाणी को देश की सारी संपत्ति दे रखी है। वहीं प्रियंका ने गायत्री मंत्र सुनाते हुए कहा कि गायत्री माता हमाारी संस्कृति की रक्षा करती हैं। और पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वे प्रदेश के कोने-कोने में घूम रहे हैं, ऐसा लग रहा है अपना सीएम ढूंढने निकले हैं।


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News