टिब्बी में दो अलग-अलग कार्रवाई: हेरोइन, संदिग्ध दवाइयां और देसी पिस्तौल के साथ 2 गिरफ्तार

Wednesday, Feb 25, 2026-04:34 PM (IST)

हनुमानगढ़/टिब्बी: टिब्बी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी से हेरोइन और संदिग्ध दवाइयां बरामद हुईं, जबकि दूसरे को अवैध देसी पिस्तौल के साथ पकड़ा गया।

नाकाबंदी के दौरान हेरोइन बरामद

पहली कार्रवाई में पुलिस ने वार्ड 8, टिब्बी निवासी गुरमीत सिंह (42) को 6.10 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से कुछ संदिग्ध दवाइयां भी मिलीं, जिनके लिए वह कोई वैध पर्ची प्रस्तुत नहीं कर सका।

थानाधिकारी हंसराज लूणा के नेतृत्व में पुलिस टीम बशीर पुलिस चौकी के पास चौराहे पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान गुरमीत सिंह पुलिस को देखकर तेज़ी से निकलने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर उसे रोका गया और नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी में हेरोइन और दवाइयां बरामद होने पर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच एसआई वेदप्रकाश को सौंपी है। बरामद दवाइयों के स्रोत और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

अवैध देसी पिस्तौल के साथ दूसरा आरोपी पकड़ा

दूसरी कार्रवाई में मसानी के वार्ड 5 निवासी धन्नासिंह उर्फ धनिया को अवैध देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया। एएसआई देवीलाल ने गश्त के दौरान चक 13 जीजीआर, मसानी की रोही में जीजीआर नहर के पटरे के पास उसे दबोचा।

आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच एएसआई बूटा सिंह को सौंपी गई है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की पूछताछ कर रही है।


 


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News