राजस्थान जल जीवन मिशन घोटाला: एसीबी की बड़ी कार्रवाई; फरार पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल दिल्ली से गिरफ्तार

Thursday, Apr 09, 2026-05:34 PM (IST)

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसमें राजस्थान में जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले के संदर्भ में फरार चल रहे पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी ने उन्हें जयपुर लाकर पूछताछ करने का निर्णय लिया है। एसीबी कोर्ट ने इस मामले में चार अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे, जिसके बाद से एसीबी टीम सुबोध अग्रवाल की तलाश कर रही थी।

 

सुबोध अग्रवाल पर आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत ठेकेदारों ने फर्जी कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी किए थे और इसके बदले हजारों करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। यह मामला 27 जून 2023 को पब्लिक एगेंस्ट करेप्शन (पीएसी) द्वारा एसीबी और अशोक नगर थाने में दर्ज एफआईआर के बाद सामने आया। एडवोकेट टीएन शर्मा द्वारा दी गई शिकायत में सुबोध अग्रवाल पर यह आरोप लगाया गया था कि उन्होंने इरकॉन कंपनी के नाम पर फर्जी सर्टिफिकेट जारी कराए थे।

 

इरकॉन कंपनी ने भी इस घोटाले पर आपत्ति जताई थी और सुबोध अग्रवाल को पत्र लिखकर कहा था कि इनके नाम पर जारी किए गए सर्टिफिकेट फर्जी थे। हालांकि, सुबोध अग्रवाल ने इस मामले को दबा दिया और कोई कार्रवाई नहीं की। मामले को लेकर जब हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, तो 24 फरवरी 2024 को कोर्ट ने एसीबी से पूछा कि इस शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई थी। इसके बाद, अक्टूबर 2024 में पहली एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें सुबोध अग्रवाल और कई अन्य आरोपियों का नाम सामने आया।

 

सुबोध अग्रवाल के फरार होने के बाद एसीबी ने लुकआउट नोटिस जारी किया था और अब दिल्ली से उनकी गिरफ्तारी हुई है। एसीबी ने उन्हें पूछताछ के लिए जयपुर लाने की योजना बनाई है, जहां उनका बयान दर्ज किया जाएगा।

 

यह कार्रवाई राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। एसीबी की टीम अब इस मामले में और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल जीवन मिशन घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News