सिंधी भाषा दिवस पर संविधान के सिंधी संस्करण का विमोचन, देवनानी होंगे शामिल

Wednesday, Apr 08, 2026-02:04 PM (IST)

जयपुर, 08 अप्रैल 2026। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी 10 अप्रैल को नई दिल्ली में आयोजित सिंधी भाषा दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम उपराष्ट्रपति भवन में आयोजित होगा, जहां वे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने उन्हें औपचारिक रूप से आमंत्रित किया है।

उपराष्ट्रपति करेंगे संविधान का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान सी. पी. राधाकृष्णन 10 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे उपराष्ट्रपति भवन (वाईस प्रेसिडेंट एन्क्लेव, नई दिल्ली) में भारतीय संविधान के सिंधी भाषा संस्करण का विमोचन करेंगे। यह संस्करण देवनागरी और फारसी दोनों लिपियों में प्रकाशित किया गया है।

सिंधी समुदाय के लिए विशेष अवसर

इस अवसर पर वासुदेव देवनानी ने संविधान के सिंधी अनुवाद को ऐतिहासिक पहल बताते हुए नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह कदम विभाजन के बाद भारत आए सिंधी समुदाय के लिए गर्व का क्षण है और अपनी भाषा से जुड़ाव को मजबूत करेगा।

भाषाई पहुंच बढ़ाने की पहल

यह कार्यक्रम विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। केंद्र सरकार "विकसित भारत @2047" के लक्ष्य के तहत संविधान और कानूनों को आमजन तक उनकी मातृभाषा में पहुंचाने पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में आठवीं अनुसूची में शामिल भाषाओं में संविधान का अनुवाद किया जा रहा है, जिसमें अब सिंधी भाषा भी शामिल हो गई है।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News